जनपथ न्यूज़ :-   राष्ट्रीय जनता दल (राजद) केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने होने वाले लोकसभा चुनाव एवं विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवारों के चयन के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को अधिकृत कर दिया है। राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद मनोज झा और राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एवं विधान परिषद के सदस्य कमर आलम ने संसदीय बोर्ड की शनिवार को यहां हुई बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राजद के बिहार-झारखंड राज्य परिषद के साथ ही अन्य राज्यों के राज्य परिषद से आए प्रस्ताव के बाद लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के लिए केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव को अंतिम निर्णय लेने के लिए अधिकृत कर दिया है। साथ ही बोर्ड ने विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी के चयन के लिए भी लालू यादव को अधिकृत किया है। दोनों नेताओं ने कहा कि संसदीय बोर्ड की बैठक में समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन की जिम्मेवारी राजद अध्यक्ष लालू यादव को दी गई है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के घटक दलों की बैठक शीघ्र ही होगी। राजद नीत महागठबंधन में कांग्रेस, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा), ¨हदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल है। इससे पूर्व बैठक में राजद विधानमंडल दल की नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूव्रे, राज्यसभा सांसद मीसा भारती, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह के साथ ही पार्टी के विधायक एवं विधान परिषद के सदस्य भी उपस्थित थे। बैठक लगभग चार घंटे तक चली। रालोसपा के राष्ट्रीय अध्य्क्ष उपेंद्र कुशवाहा एवं वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने शुक्रवार को राजद नेता व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि इस दौरान लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत हुई है। इससे पूर्व भारतीय जनता पार्टी से नाराज चल रहे पटना साहिब से सांसद एवं अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी राबड़ी से मुलाकात की थी। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में राजद अध्यक्ष यादव चारा घोटाले के अलग-अलग मामलों में झारखंड की राजधानी रांची की जेल में सजा काट रहे हैं। हालांकि अस्वस्थ होने के कारण इन दिनों वह रांची के राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती हैं। प्रत्येक सप्ताह शनिवार को उन्हें लोगों से मिलने की इजाजत दी गयी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *