बिहार में अपराधी बेलगाम, राजधानी पटना में अपराधियों ने छपरा के युवक की गोली मारकर की हत्या…..

जनपथ न्यूज डेस्क
Edited by: राकेश कुमार
12 सितंबर 2022
पटना: बिहार में बेखौफ अपराधियों का तांडव थमने का नाम नही ले रहा है। हत्या और लूट जैसे अपराध बिहार में अपराधियों के लिए आम बात हो गई है। बता दे कि बिहार में बढ़ते अपराध पर सीएम नीतीश कुमार ने एक दिन पहले ही सख्त निर्देश दिया था। लेकिन सख्त निर्देश दिए एक दिन के अंदर पटना में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। ताजा मामला पटना का है जहां पाटलिपुत्र थाना अंतर्गत एलसीटी घाट इलाके में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद अपराधी वहां से फरार हो गए। आनन-फानन में घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिस शख्स की हत्या की गई है, वो छपरा के नया गांव का रहने वाला था। सुबह-सुबह अचानक हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से पूरे इलाके में सनसनी मच गई। वारदात स्थल के पास मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह 8 बजे के करीब युवक अपने घर से बाहर निकाला और मेन रोड पर आया। चाय पीने के लिए वहां पर बनाए गए बस स्टॉप पर बैठा। कुछ देर बाद ही एक बाइक से 3 अपराधी आए, पिस्टल निकाला और दनादन गोली चलानी शुरू कर दी। जिसके बाद मौके पर ही युवक की की मौत हो गई। वहीं, हत्या कर अपराधी वहां से फरार हो गए।
वारदात की जानकारी मिलते ही पाटलिपुत्रा थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शुरुआती छानबीन के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। अब अपराधियों की पहचान के लिए वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस के अधिकारी इस वारदात को लेकर कुछ भी नहीं बोल रहे हैं।
![]()



