Janpathnews.com लखीसराय। लखीसराय। हलसी थाना क्षेत्र के शिवसोना गांव में पति प्रभु मिस्त्री से हुए विवाद के बाद उसकी पत्नी रिया कुमारी फंदे से झूल कर खुदकशी कर ली। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार देवकी मिस्त्री अपने छोटे बेटे प्रभु मिस्त्री की शादी तीन माह पूर्व नवादा जिले के कादिरगंज थाना क्षेत्र के झराय गांव के वीरेन्द्र मिस्त्री की पुत्री रिया कुमारी से हुई थी। शादी के बाद रिया अपने पति प्रभु के चरित्र पर संदेह व्यक्त करती थी। इसको लेकर दोनों में विवाद हुआ करता था। अपनी पत्नी रिया के साथ प्रभु अपने ससुराल कादिरगंज झराय भी गया था। वहां उसने रिया के मायके वालों से भी विवाद करने की शिकायत की। मायके वाले ने रिया को समझा कर पुन: ससुराल शिवसोना भेज दिया। मंगलवार की शाम को प्रभु घर से निकलकर गांव में ही कहीं गया था। पिता देवकी मिस्त्री अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर के बाहर बैठे थे। करीब नौ बजे रात में जब सभी घर के अंदर गए तो देखा कि रिया अपने कमरे को बंद किए हुए है। रिया द्वारा दरवाजा नहीं खोलने पर उक्त लोगों ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो देखा रिया घर के छत में लगे पंखे के हुक से रस्सी का फंदा गले में डालकर झूल रही थी। रिया को लटके देख घर में कोहराम मच गया। इसकी जानकारी रिया के माता-पिता को दी गई। बुधवार के सुबह में घटना की जानकारी मिलते ही हलसी थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने पुलिस बल के साथ शिवसोना गांव पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतक की मां मालती देवी के फर्द बयान पर यूडी केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।